प्रदूषण से निपटने के लिए सप्ताह के सभी कार्यदिवसों में 40 अतिरिक्त फेरे लगाएगी मेट्रो

नयी दिल्ली 29 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली मेट्रो ने राजधानी दिल्ली में बढते प्रदूषण से निपटने के लिए चरणबद्ध कार्रवाई योजना, ग्रेप का दूसरा चरण लागू किये जाने के मद्देनजर कार्यदिवसों पर सभी लाइनों पर मेट्रो के 40 अतिरिक्त फेरे लगाने के निर्देश दिये हैं।
दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक डा. विकास कुमार ने बुधवार को यहां दिल्ली मेट्रो के सिविल और पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में अशोक विहार और डेरावल नगर निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदूषण के बढ़ते स्तर से निपटने के लिए दिल्ली मेट्रो की तैयारियों का जायज़ा लिया। निर्माण स्थलों पर प्राधिकारियों द्वारा जारी सभी दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए।
डा. कुमार ने ऑपरेशन टीम को सप्ताह के सभी कार्यदिवसों के दौरान मेट्रो में यात्री क्षमता बढाने के लिए सभी लाइनों पर 40 अतिरिक्त फेरे शुरू करने का निर्देश दिया है। इस कदम का मकसद लोगों को अपनी गाड़ियों के बजाय मेट्रो इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना और एक साथ मिलकर राजधानी में खराब होती हवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद करना है।
उन्होंने आने वाले दिनों में ग्रेप का तीसरा चरण लागू किये जाने पर अतिरिक्त फेरों की संख्या 40 से बढ़ाकर 60 करने का भी निर्देश दिया।
दिल्ली मेट्रो ने प्रदूषण से निपटने के लिए अपने निर्माण स्थलों पर कई कदम उठाए हैं। इनमें निर्माण स्थलों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव, वाहनों को शहर की सड़कों पर आने से पहले उनके पहियों को धोना, सभी निर्माण सामग्री को ठीक से ढ़कना और सभी निर्माण और डिमोलिशन कचरे का सही निपटान और रीसाइक्लिंग करना शामिल है। इसके अलावा निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन लगाई गई हैं। फिलहाल निर्माण स्थलों पर ऐसी लगभग 82 मशीनें लगाई गई हैं तथा आवश्यकतानुसार इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
दिल्ली मेट्रो ने सभी निर्माण स्थलों पर दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरण विभाग के अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षणों की संख्या पहले ही बढ़ा दी है।

Next Post

म्यांमार में स्थायी शांति केवल समावेशी राजनीतिक संवाद से संभव : सैकिया

Wed Oct 29 , 2025
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (वार्ता )लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया ने कहा है कि म्यांमार में स्थायी शांति केवल समावेशी राजनीतिक संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की शीघ्र बहाली के माध्यम से ही सुनिश्चित की जा सकती है। राज्यसभा सचिवालय की ओर से आज बताया गया कि श्री सैकिया ने 80वीं संयुक्त […]

You May Like

Play sound