इंदौर: एयरपोर्ट पर पुराने टर्मिनल भवन के उद्घाटन तथा विस्तार कार्य (फेज़-1 एवं फेज़-2) को उज्जैन सिंहस्थ के पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया. साथ ही इंदौर एयरलाइन कंपनियों से अंतरराष्ट्रीय उड़ाने बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए है. खास बात यह कि कस्टम अधिकारियों और कर्मचारियों की यात्रियों से अभद्रता करने पर विशेष चर्चा हुई.
आज सांसद शंकर लालवानी की मौजूदगी में इंदौर विमानतल पर यात्री सुविधाओं के विकास एवं विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक की गई. बैठक में विमानतल पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई. यात्री सुविधाओं के बढ़ाने, सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, नई उड़ान सेवाओं की शुरुआत, टर्मिनल विस्तार तथा एयर कार्गो सेवाओं के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.
बैठक में बताया गया कि एयर कार्गो सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है. स्थानीय व्यापारिक संस्थानों के सहयोग से समर्पित कार्गो उड़ान प्रारंभ करने की योजना बनाई गई है. इससे इंदौर और आसपास के क्षेत्रीय व्यापार को गति मिलेगी. साथ ही, पार्किंग व्यवस्था एवं वाहन आवागमन के प्रबंधन को सुदृढ़ करने हेतु स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से नई व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी.
कस्टम प्रक्रिया में सुधार के निर्देश
बैठक में अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के आगमन के दौरान कस्टम जांच प्रक्रिया में अनावश्यक औपचारिकताओं एवं कर्मचारियों के व्यवहार से यात्रियों को हो रही असुविधाओं के विषय का मुद्दा भी उठा. उक्त मुद्दे को लेकर सांसद लालवानी ने कस्टम आयुक्त को अवगत कराते हुए निर्देश दिए कि वे ऐसे मुद्दों का शीघ्र समाधान करें. संबंधित कर्मचारियों को संवेदनशील रहकर यात्रियों के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करने का कहें.
सिंगापुर और बैंकॉक उड़ानें होंगी शुरू
बैठक में भविष्य की योजनाओं खास कर एयरलाइन कंपनियों को सिंगापुर और बैंकॉक के लिए नई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने पर जोर दिया गया. साथ ही पुराने टर्मिनल भवन के उद्घाटन तथा विस्तार कार्य (फेज़-1 एवं फेज़-2) को उज्जैन सिंहस्थ 2028 से पूर्व पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया.
बैठक के अंत में अधिकारियों ने संकल्प लिया कि इंदौर एयरपोर्ट को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने हेतु सभी विभाग संयुक्त रूप से समन्वय के साथ कार्य करेंगे. बैठक में सांसद शंकर लालवानी और एयरपोर्ट निदेशक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे.
एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए आधुनिक सेवाएं
– वर्क स्टेशन विद चार्जिंग पोर्ट,
– 3-सीटर चेयर विथ चार्जिंग सुविधा,
– 4-सीटर बैठने की व्यवस्था,
– रिक्लाइनर सीटें,
– 45 मिनट की निशुल्क वाई-फाई सुविधा,
– मनोरंजन हेतु टीवी स्क्रीन शामिल हैं
