
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को अडाणी पावर लिमिटेड से देशभर में चार ताप विद्युत परियोजनाओं की स्थापना के लिए 6,400 करोड़ रुपये के बड़े घरेलू ऑर्डर मिले हैं। इन चारों परियोजनाओं की कुल उत्पादन क्षमता 6,400 मेगावाट होगी।
अनुबंध के तहत बीएचईएल चारों परियोजनाओं के लिए बॉयलर, टरबाइन, जनरेटर और संबंधित सहायक उपकरणों की आपूर्ति करने के साथ निर्धारित सेवाएं भी प्रदान करेगा। प्रत्येक परियोजना की क्षमता 2×800 मेगावाट होगी।
ये ऑर्डर बीएचईएल की परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन और तकनीकी क्षमताओं में अडाणी पावर के निरंतर विश्वास को दर्शाते हैं।
बीएचईएल ने दुनियाभर में 214 गीगावाट से अधिक क्षमता के विद्युत उत्पादन उपकरण स्थापित किए हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक देश की उपयोगिता स्तर की ताप विद्युत क्षमता में उसकी हिस्सेदारी 54 प्रतिशत, परमाणु ऊर्जा के द्वितीयक पक्ष में 60 प्रतिशत और जल विद्युत क्षमता में 43 प्रतिशत रही।
