स्पेन में भीषण हाई-स्पीड ट्रेन हादसे के 69 में से 66 मृतकों की पहचान

मैड्रिड, 02 नवंबर (वार्ता) स्पेन के मध्य क्षेत्र में उर्दा के पास पिछले सप्ताह हुए भीषण हाई-स्पीड ट्रेन हादसे में मारे गए 69 लोगों में से 66 की पहचान कर ली गई है। क्षेत्रीय उच्च न्यायालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। पहचान प्रक्रिया का समन्वय कर रहे केंद्र की रविवार रात की रिपोर्ट के अनुसार, 36 पुरुषों और 24 महिलाओं सहित 60 मामलों में मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पहचान किए गए 66 मृतकों में 54 स्पेन के और चार अमेरिका के नागरिक थे। शेष आठ मृतक अर्जेंटीना, कनाडा, चेक गणराज्य, फ्रांस, जापान, मैक्सिको, पुर्तगाल और ट्यूनीशिया के थे। इनमें प्रत्येक देश का एक नागरिक शामिल है।

दो ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों और एक जापानी नागरिक से जुड़े लापता होने के तीन मामले अब भी लंबित हैं।मृतकों में पूर्व प्रधानमंत्री मारियानो राजोय के कार्यकाल में स्पेन की श्रम मंत्री रहीं फातिमा बानेज और स्पेनिश संगीतकार पुरस्कार विजेता मारिसा मांचादो भी शामिल थीं। मांचादो विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सेविया जा रही थीं। रेनफे ट्रेन के 36 वर्षीय चालक एंटोनियो असेदो और उनके सहायक डेनियल काबानास की भी हादसे में मौत हो गई। प्रसारक कादेना सेर के अनुसार, मृतकों में 24 वर्षीय लंबी कूद की खिलाड़ी जुलिएटा गायेगो भी शामिल थीं।

बुधवार से 60 से अधिक विशेषज्ञ टोलेडो में शवों का पोस्टमार्टम करने और फिंगरप्रिंट तथा डीएनए के जरिए मृतकों की पहचान करने में जुटे हैं। यह हादसा बुधवार को टोलेडो प्रांत के उर्दा शहर के पास हुआ, जब रेनफे की एक हाई-स्पीड ट्रेन ने खड़ी इर्यो ट्रेन के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने बताया कि स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली में खराबी के कारण रुक गई थीं। इसके बाद एक नियंत्रक ने रेनफे ट्रेन को सामान्य गति से आगे बढ़ने की अनुमति दी थी।

प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने सोमवार को ‘वर्ल्ड इन प्रोग्रेस’ मंच पर कहा कि स्वतंत्र जांचकर्ताओं और अदालतों को घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा, “स्पेन सरकार के रूप में हमारा मुख्य दायित्व यह है कि हाई-स्पीड रेल में जनता का टूटा हुआ भरोसा जल्द से जल्द बहाल किया जाए, चाहे इसके लिए कुछ भी करना पड़े।”

.....

Next Post

बेल्जियम: बजट वार्ता विफल होने के बाद प्रधानमंत्री डी वेवर ने राजा को सौंपा इस्तीफा

Mon Nov 2 , 2026
ब्रसेल्स, 02 नवंबर (वार्ता) बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने बजट पर रातभर चली वार्ता विफल होने के बाद सोमवार सुबह राजा फिलिप के समक्ष अपनी सरकार का इस्तीफा पेश किया। राजा फिलिप से मुलाकात के बाद श्री डी वेवर करीब डेढ़ घंटे में महल से बाहर निकले, लेकिन […]

You May Like