अग्नि सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने की कार्रवाई

इंदौर:आज जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कल एसिड फैक्ट्री में लगी आग के बाद फायर सेफ्टी को लेकर कार्रवाई की. इसके तहत 10 इंडस्ट्री, फैक्टि्रयों और गोडाउन सील किए है. साथ ही शहर में सभी उद्योगपति और व्यापारियों से फायर सेफ्टी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है.कल केट रोड पर एसिड फैक्ट्री में आग लगने से दो महिलाओं सहित तीन व्यक्ति जलकर भस्म हो गए. इसके बाद प्रशासन के नींद खुली और अग्नि सुरक्षा करने के लिए अधिकारियों को छुट्टी के दिन दौड़ाया गया. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आज अग्नि सुरक्षा का विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है.

अभियान में सभी एसडीएम द्वारा विभिन्न औद्योगिक, व्यावसायिक और गोडाउन की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान कई स्थानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरणों का नहीं होने, अग्निशमन की कई कमियां पाई गईं. अग्नि सुरक्षा के साधन नहीं होने पर 10 कारखानों, गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सील करने की कारवाई की गई है. इसके तहत राऊ में एसडीएम गोपाल वर्मा के दल ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं पाए जाने पर कॉटन सीड ऑयल का उत्पादन करने वाली चार फैक्टि्रयों को सील किया गया.

राऊ क्षेत्र हनुमान ऑयल मिल, श्याम ऑयल मिल, जय श्री नेचुरल प्राइवेट लिमिटेड और घीया ऑयल प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड को सील कर दिया गया. राऊ एसडीएम द्वारा ही ग्राम तेजपुर गड़बड़ी चोईथराम स्कूल के पीछे अवैध रूप से स्टॉक 45000 लीटर एसिड जप्त किया. साथ ही ग्राम पिगडम्बर में अवैध रूप से संचालित एक प्लास्टिक फैक्ट्री को सील करने की कार्रवाई के साथ तीन आईल फैक्ट्री को सील किया गया है.इसी तरह जूनी इंदौर, सांवेर, मल्हारगंज, महू, बिचौली तहसील क्षेत्र में भी एक-एक प्रतिष्ठान को सील किया गया. जूनी इंदौर एसडीएम प्रदीप सोनी ने पालदा स्थित एस एम पेंट्स को अग्नि सुरक्षा साधन नहीं होने पर सील किया.

सुरक्षा के साधन नहीं मिले
सांवेर एसडीएम घनश्याम धनगर के दल ने फायर सुरक्षा उपकरण न होने से डकाच्या क्षिप्रा स्थित अपोलो टायर में गोडाउन को सील किया. गोडाउन में लगभग 40 हज़ार टायर बिना सुरक्षा मानक का पालन किए बगैर रखे पाए गए. मल्हारगंज एसडीएस निधि वर्मा ने शांति नगर सेक्टर ई सांवेर रोड फेशियल नामक साबुन और क्रीम बनाने वाली रतन ऑर्गेनिक कंपनी की जांच की. जांच में रतन ऑर्गेनिक कंपनी में ज्वलनशील केमिकल एथेनॉल पाया गया. अग्नि सुरक्षा साधन भी नहीं होने से फैक्ट्री को सील किया गया. महू एसडीएम राकेश परमार की टीम ने ग्राम पिपलिया लोहार स्थित कृष्णांगी एग्रो फूड प्रायवेट लिमिटेड की इकाई को सील किया गया. बिचौली एसडीएम अजय शुक्ला और तहसीलदार बलबीर सिंह राजपूत के दल ने केलौद करताल स्थित साँझ इंटरप्राइजेज के अंदर कमर्शियल एसिड तैयार करने की फैक्ट्री की जांच की. जांच में अमानक स्थितिया पाए जाने पर उक्त यूनिट को सील किया गया.

सुरक्षा प्रावधनों का पालन करें
आज की कार्रवाई के बाद कलेक्टर वर्मा ने सभी उद्योगपतियों और व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालकों से आग्रह किया है कि अपने संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच कराएं और सुरक्षा के सभी प्रावधानों का पालन करें.

Next Post

एनएचएआई के फ्लायओवर निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

Mon Nov 3 , 2025
इंदौर:रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के निर्माणाधीन दो फ्लायओवर निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने निरीक्षण किया. एनएचएआई एमआर-10 स्थित बेस्ट प्राइज के सामने और अर्जुन बड़ोद क्षेत्र में फ्लायओवर बना रहा है. कलेक्टर ने एनएचएआई अधिकारियों को जल्दी काम पूरा करने और धूल रोकने हेतु मिस्ट टॉवर लगाने के निर्देश […]

You May Like