नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चीनी की कीमतों में लगातार छठे दिन गिरावट रही। वहीं, चावल और खाद्य तेलों के भाव एक बार फिर बढ़ गये। गेहूं में टिकाव देखा गया जबकि दालों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 41 रुपये घटकर 5,762 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। वहीं, गुड़ 23 रुपये महंगा हुआ और 5,999 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 39 पैसे घटकर 62.57 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत सात रुपये बढ़कर 4,147 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,846 रुपये प्रति क्विंटल के पिछले कारोबारी दिवस से स्तर पर स्थिर रहा। आटे का भाव भी कमोबेश अपरिवर्तित रहा।
दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 28 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मसूर दाल 18 रुपये और चना दाल 15 रुपये महंगी हुई। तुअर दाल की कीमत 13 रुपये और मूंग दाल की पांच रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा 14 रिंगिट गिरकर 5,134 रिंगिट प्रति टन रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.66 प्रतिशत फिसलकर 72.15 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजार में आज पाम ऑयल की औसत कीमत 71 रुपये और वनस्पति की 43 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल 41 रुपये और सरसों तेल 28 रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल 26 रुपये और सोया तेल 19 रुपये प्रति क्विंटल ऊपर रहा।
