
इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी के शहर में 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए कांग्रेस युवाओं को जोड़ने का अभियान चलाएगी।उक्त निर्णय आज शहर कांग्रेस की बैठक में लिया गया। इसके तहत एक लाख छात्रों और युवाओं को एकत्र करने का लक्ष्य रखा है।
राजीव गांधी चौराहे पर स्थित शुभ कारज गार्डन में आज शाम शहर कांग्रेस की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस के सभी पार्षद, शहर इकाई के पदाधिकारी, मंडल के पदाधिकारी, वार्ड के पदाधिकारी शामिल थे। बैठक को मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महासचिव हरीश चौधरी,शहर संभागप्रभारी सचिव उषा नायडू, राहुल गांधी के छात्रों की गूंज प्रभारी बैजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संबोधित किया ।
इस बैठक में चौधरी ने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लेकर छात्रों की गूंज कार्यक्रम किया जा रहा है। राहुल गांधी देश के चार शहरों में कार्यक्रम कर चुके है। इंदौर पांचवा शहर है , जहां कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओ को पूरी ताकत लगाकर काम करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। यह तो सामाजिक सरोकार का कार्यक्रम है। छात्रों से भाजपा और उनकी सरकार डरी हुई है। यही कारण है कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए अनुमति जारी नहीं की जा रही है। हमें उक्त स्थिति से विचलित होने की बजाय सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति पर ध्यान देना है।
इंदौर प्रभारी सचिव उषा नायडू ने कहा कि युवा और विद्यार्थी अपनी बात को रख सकें और अपनी समस्याएं बता सकें, ताकि राष्ट्रीय स्तर उक्त समस्याओं को सामने लाया जाएगा ।
शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि कार्यक्रम में 1 लाख छात्र और युवा भाग लें, यह लक्ष्य रखा गया है।
