
सीधी । जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत मुर्तला मोड़ के पास शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने पैदल चल रही बच्ची को टक्कर मार दी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। घायल बच्ची की पहचान मुन्नी साकेत के रूप में हुई है। वह सड़क किनारे पैदल चल रही थी, तभी रामपुर नैकिन से अमिलई की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल उठाकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रामपुर नैकिन थाने के पुलिस कर्मी अनंत लाल प्रजापति ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बच्ची को प्राथमिकता के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
