
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सोमवार को सागर और दमोह रेलवे स्टेशन के साथ कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड का निरीक्षण किया। स्पेशल निरीक्षण यान से किए गए रियर विंडो निरीक्षण में उन्होंने रेल पथ, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, ओएचई समेत अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अनुरक्षण व अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सागर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, परिचालन और संरक्षा व्यवस्था को देखा तथा यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान सागर सांसद लता वानखेड़े से सौजन्य भेंट कर स्टेशन विकास और क्षेत्र की रेल जरूरतों पर सुझाव भी लिए गए। महाप्रबंधक ने सागर–नारियावली के बीच आरओबी की संरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
विकास कार्यों की समीक्षा की
दमोह स्टेशन पर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को काम की गुणवत्ता, संरक्षा तथा निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि अधोसंरचना और अनुरक्षण से जुड़े कार्यों में संरक्षा मानकों से कोई समझौता न हो तथा कार्य समय पर पूरे किए जाएं। निरीक्षण में प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) आरएसपी, मुख्य ब्रिज इंजीनियर, मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
