जबलपुर में क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बस से गांजा लेकर आ रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि सिवनी से बरगी आ रही पवन बस में एक युवक गांजा लेकर सफर कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने नेशनल हाईवे-34 पर सागर ढाबे के पास बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान हनुमानताल निवासी 23 वर्षीय दीपक बर्मन के बैग से गांजे के चार पैकेट मिले।
पुलिस ने गांजे के साथ आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और किसे बेचने जा रहा था।
