ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह व पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने साईकिल चलाकर दिया संदेश
ग्वालियर :सैकड़ो की संख्या में साइकिल पर सवार विभिन्न संस्थाओं के बच्चे, एनसीसी के छात्र-छात्राएं एवं यूथ हॉस्टल्स के सदस्य व पदाधिकारी और साइकिल चलाते हुए उनका नेतृत्व करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर एवं पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता। यह विहंगम दृश्य था यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ग्वालियर द्वारा पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज निकाली गई साइकिल रैली का । संस्था द्वारा 12 वर्षों से आयोजित की जा रही साइकिल रैली शहर में पर्यावरण के प्रति शहरवासियों को जागरूक करने के सतत प्रयासों का पर्याय बन चुकी है।
साइकिल रैली का शुभारंभ महाराज बाड़े पर प्रातः संस्था के संरक्षक एवं पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, संस्था चेयरमैन शैलेंद्र माहौर, संस्था सचिव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रामनारायण मिश्रा द्वारा झंडा दिखाकर किया गया। सचिव रामनारायण मिश्रा ने बताया कि साइकिल रैली महाराज बाड़े से आरंभ होकर सराफा बाजार, गस्त का ताजिया, फालका बाजार, गुरुद्वारा, जयेन्द्रगंज, सनातन धर्म मंदिर से होते हुए फ्लैग पॉइंट , थीम रोड, कटोरा ताल पर पहुंची । पूरे रास्ते डॉ समीर भार्गव ई रिक्सा पर सवार होकर साइकिल रैली को व्यवस्थित करते हुए शहर वासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक का संदेश देते रहे।
फ्लैग पॉइंट थीम रोड पर रैली के समापन कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्य अतिथि प्रद्युमन सिंह तोमर, संस्था अध्यक्ष विजय गर्ग, रमेश अग्रवाल, समीक्षा गुप्ता, हिमांशु अमरपुरी ने सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट और एक एक पौधे प्रदान किये, इस अवसर पर 250 पौधे वितरित किये गये। मुख्य अतिथि ने अपने उदबोधन में सभी शहर वासियों को पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने के लिए ए सी के कम उपयोग व आसपास के कार्यों के लिए साइकिल के उपयोग की सलाह दी, साथ ही उपस्थित जन समूह को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
श्रीमती समीक्षा गुप्ता एवं रमेश अग्रवाल ने शहर वासियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु पॉलिथीन का उपयोग न करने एवं प्रत्येक घर में पौधारोपण करने, सूखा व गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया । इस साइकिल रैली कार्यक्रम में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन के सहयोगी के रूप में रोटरी एवं रोट्रैक्ट क्लब ऑफ ग्वालियर महानगर ने अपना योगदान दिया।
