
इंदौर. सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर में शुक्रवार को नव आरक्षक की भव्य दीक्षांत शपथ परेड का आयोजन किया. समारोह में 407 नव आरक्षकों ने राष्ट्रीय ध्वज को साक्षी मानकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया. परेड के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति और अनुशासन का वातावरण नजर आया.
दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि महानिरीक्षक तेजिंदर पाल सिंह सिद्ध रहे. परेड की कमान तौशीफ आलम ने संभाली. मुख्य अतिथि के समक्ष सभी नव आरक्षकों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए सीमा सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा के दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने की शपथ ली. शपथ ग्रहण के बाद नव आरक्षकों द्वारा आकर्षक मास पीटी और बिहू नृत्य सहित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा. 44 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के दौरान नव आरक्षकों को हथियार संचालन, ड्रिल, शारीरिक दक्षता, फील्ड क्राफ्ट, मैप रीडिंग, युद्ध कौशल, निशानेबाजी, सीमा निगरानी के साथ आतंकवाद और उग्रवाद से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया. प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नव आरक्षकों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. बैच क्रमांक 208 में ओवरऑल प्रथम अदित्य महाजन, ओवरऑल द्वितीय धंजीत कुमार, शारीरिक दक्षता में पंकज, सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज राजन कुमार और कवायद में के. जमातिया को सम्मान मिला. वहीं बैच क्रमांक 209 में ओवरऑल प्रथम दीपक महतो, ओवरऑल द्वितीय प्रीतम ढाली, शारीरिक दक्षता में बिक्रम ओराव, सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज फरदीन खान और कवायद में कृष्णा बहादुर लिम्बू को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया.
