सीहोर। चक्रवाती तूफान अर्नव के असर से जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है. सर्द हवाओं के साथ बुधवार से छाए बादलों के बीच गुरुवार सुबह जिले के कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई. शहर में हल्की फुहारें गिरीं, लेकिन आगामी 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम में आए बदलाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई. गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहा. एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 20.5 डिग्री दर्ज किया गया था. आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर के अनुसार, अगले तीन दिन तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दौरान एक इंच से अधिक बारिश होने का अनुमान है. गुरुवार को पूर्वी हवाएं 18 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं. मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विशेषज्ञ डॉ. तोमर ने बताया कि बारिश से खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी धान की फसल प्रभावित हो सकती है. जिले में अब भी धान की कटाई जारी है. ऐसे में बारिश से फसल की गुणवत्ता खराब होने और नुकसान की आशंका है. वहीं, जिन किसानों ने चना और मसूर की बोवनी नहीं की है, उन्हें मौसम साफ होने तक इंतजार करने की सलाह दी गई है. इस बारिश से इन फसलों को नुकसान हो सकता है. हालांकि जिन किसानों ने गेहूं की बोवनी कर दी है, उनकी फसल को फिलहाल नुकसान की आशंका नहीं बताई गई है.मौसम वैज्ञानिक डॉ. तोमर का कहना है कि आगामी तीन दिनों तक अर्नव तूफान का असर बने रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है. ऐसे में किसानों को कटी उपज सुरक्षित रखने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.
