करवा चौथ पर पेश की प्रेम और त्याग की मिसाल

जबलपुर। करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, लेकिन जबलपुर की रश्मि गुप्ता ने करवा चौथ के दिन अपने पति दीपक गुप्ता को किडनी दान कर जीवन का अनमोल उपहार दिया है। ये उपहार जबलपुर में दिन भर चर्चाओं का केंद्र भी रहा।

रश्मि गुप्ता और दीपक गुप्ता की कहानी इस पर्व को एक विशेष भावनात्मक अर्थ देती है। करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के साथ जुड़ी इस घटना में पत्नी ने अपने निर्णय से पति के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जानकारी के अनुसार मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल, जबलपुर में सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद यह दंपत्ति पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है।
शांतिनगर निवासी दीपक गुप्ता लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। ऐसे कठिन समय में उनकी पत्नी रश्मि गुप्ता ने अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया। उनका यह कदम न केवल परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आया, बल्कि अंगदान के महत्व को भी उजागर किया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया सफल प्रत्यारोपण
मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल जबलपुर की नेफ्रोलॉजी एवं ट्रांसप्लांट यूनिट की टीम ने किडनी प्रत्यारोपण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। इस प्रक्रिया में डॉ. राजेश पटेल, ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. विशाल वडेरा, कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट, के नेतृत्व में चिकित्सकों और अन्य चिकित्सा कर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल रश्मि गुप्ता और दीपक गुप्ता दोनों स्वस्थ हैं।

अस्पताल में 30 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट
मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल के डायरेक्टर राजीव बडेरिया ने बताया कि अस्पताल में अब तक 30 से अधिक किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और पूरी टीम के समन्वित प्रयासों से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, रश्मि गुप्ता का यह निर्णय अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रेरणादायक है। किडनी प्रत्यारोपण किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए उपचार का एक महत्वपूर्ण विकल्प है और उपयुक्त परिस्थितियों में उन्हें बेहतर जीवन की संभावना प्रदान कर सकता है।

Next Post

मादक पदार्थ स्मैक के साथ दो पैडलर गिरफ्तार

Fri Oct 30 , 2026
सीहोर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो ड्रग्स पेडलरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 25 हजार रुपए कीमत का 5 ग्राम 58 मिग्रा अवैध […]

You May Like