ज्ञानेश महाराष्ट्र आए तो उनका चेहरा स्याही से काला कर दिया जाएगा : हर्षवर्द्धन सपकाल

मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को महाराष्ट्र में कहीं भी प्रवेश नहीं करने देंगे और उनके आने पर चेहरे पर काली स्याही पोतेंगे।
श्री सपकाल ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने वोटों की चोरी और अन्य कथित अनियमितताओं के जरिए भाजपा को चुनाव जिताने में मदद की। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में आक्रोश है और उनके निर्धारित कार्यक्रम लगातार बदले जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म छह में कथित तौर पर अवैध बदलाव कर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकार और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

इस बीच, मुंबई युवा कांग्रेस ने दिल्ली में राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की कथित हिरासत के विरोध में बांद्रा रिक्लेमेशन में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शाबरीन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए।

सुश्री शाबरीन ने आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और कुछ को बाल पकड़कर पुलिस वैन में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी की आवाज दबाने के किसी भी प्रयास के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखेगी।

Next Post

एसआईआर के जरिए लोगों का वोट छीनना चाहती है सरकार : रेवंत रेड्डी

Thu Oct 8 , 2026
नयी दिल्ली/हैदराबाद, (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिये लोगों को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस अपना […]

You May Like