नयी दिल्ली/हैदराबाद, (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिये लोगों को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी और जरूरत पड़ने पर मुद्दे को संसद तक ले जाएगी।
पुलिस कार्रवाई के बाद मीडिया से बात करते हुए श्री रेड्डी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।
श्री रेड्डी ने दावा किया कि एसआईआर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर कराया जा रहा है और इसमें गड़बड़ियों से लोगों के संवैधानिक मताधिकार से वंचित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन सड़कों से संसद तक जारी रहेगा और इसे ‘जन आंदोलन’ बनाया जाएगा।
श्री रेड्डी ने ‘साइमन गो बैक’ आंदोलन का उल्लेख करते हुए ‘जीके गो बैक’ अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि निर्वाचन आयोग से जुड़ा मुद्दा नहीं सुलझा तो आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठ सकती है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ और आम लोग भी संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के इस अभियान में शामिल हैं। श्री रेड्डी ने केंद्र से ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद से हटाने की विपक्ष की मांग स्वीकार करने का आग्रह किया।
