यमन में लड़ाई फिर से शुरू होने के बाद से दो लाख से ज़्यादा लोग विस्थापित-संयुक्त राष्ट्र

अदन, (वार्ता) यमन में सितंबर की शुरुआत में लड़ाई फिर शुरू होने के बाद दो लाख से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं।

संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी।

आईओएम ने कहा कि ईरान समर्थित हूती समूह और सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों के बीच फिर शुरू हुई लड़ाई के कारण विस्थापन संकट चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है। सितंबर के मध्य में विस्थापित लोगों की संख्या करीब 76,000 थी, जो अब बढ़कर दो लाख से अधिक हो गयी है। इनमें से लगभग सभी लोग हालिया संघर्ष शुरू होने के बाद अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।

आईओएम की महानिदेशक एमी पोप ने कहा, “लोग अपनी जान बचाकर भाग रहे हैं और उन्हें जाने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं मिल रही है।” उन्होंने बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए भोजन और आश्रय के वास्ते अधिक धन उपलब्ध कराने की अपील की।

यह संघर्ष वर्ष 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में हुए संघर्षविराम के बाद सऊदी अरब और हूतियों के बीच सबसे गंभीर लड़ाई है। संघर्ष फिर बढ़ने से यमन के कुछ हिस्सों पर नियंत्रण की स्थिति बदलने और लाल सागर में नौवहन मार्गों पर असर पड़ने की आशंका है।

हूती पहले से ही राजधानी सना सहित उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर नियंत्रण रखते हैं। पिछले महीने उन्होंने सऊदी अरब समर्थित उन बलों से देश के पूरे लाल सागर तट पर कब्जा कर लिया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के प्रति वफादार हैं। यह सरकार दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में स्थित है।

आईओएम के अनुसार विस्थापन 10 प्रांतों में दर्ज किया गया है और ताइज सबसे अधिक प्रभावित है। इसके अलावा तीन हजार सात सौ से अधिक लोग समुद्र के रास्ते यमन छोड़कर जिबूती पहुंच चुके हैं।

संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम ने शुक्रवार को कहा था कि यमन के कुछ हिस्सों में चार में से तीन परिवार भोजन की कमी से जूझ रहे हैं। संगठन ने इसे फिर शुरू हुई लड़ाई का “बेहद विनाशकारी” प्रभाव बताया।

 

Next Post

कार्तिक ने चौथी सीड कंबोज को हराया

Thu Oct 8 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) तमिलनाडु के 21 साल के प्रणव कार्तिक ने बुधवार को 31वीं फेनेस्टा ओपन नेशनल टेनिस चैंपियनशिप में बड़ा उलटफेर किया, एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए दूसरे राउंड में नंबर 4 सीड वाले उदित कंबोज को हराया। कंबोज ने पहला सेट 6-1 से जीता […]

You May Like