जबलपुर। मझौली विकासखंड के ग्राम पंचायत रानीताल में जनसंवाद आयोजित किया गया। ग्रामीणों से जनसंवाद करते हुए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी गांव पहुंचकर समस्याएं सुनें, उनकी वास्तविक स्थिति समझें और समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्राम पंचायत परिसर में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा की गई कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य की दृष्टि से कमजोर बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई की स्थिति की जानकारी लेते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की। कलेक्टर विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से राशन वितरण की जानकारी ली। किसानों की धान उपार्जन एवं भुगतान संबंधी शिकायतों की जांच में तेजी लाकर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली संबंधी शिकायतों पर बिलों का सत्यापन कर उचित निराकरण करने तथा बिजली आपूर्ति बंद करने से पहले उपभोक्ताओं को सूचना देने के निर्देश भी संबंधित अधिकारी को दिए।
जनसंवाद के दौरान उन्होंने क्षेत्र में टमाटर की खेती करने वाले किसानों की पहचान कर क्लस्टर बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्पादन, लागत, परिवहन और विपणन की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा, ताकि किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिल सके और स्थानीयरोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने किसानों से नरवाई एवं पराली नहीं जलाने की अपील भी की।
