सीहोर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो ड्रग्स पेडलरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 25 हजार रुपए कीमत का 5 ग्राम 58 मिग्रा अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया गया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
जानकारी के अनुसार गत 27 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से अवैध स्मैक की तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी और दो संदिग्धों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से स्मैक पाउडर बरामद हुआ. पुलिस ने स्मैक जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री, सप्लाई करने वालों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीश दुबे, उपनिरीक्षक विवेक आर्य, उपनिरीक्षक विक्रम आदर्श, वीरेंद्र परमार, जितेंद्र परमार, चेतन चौहान, विवेक, कपिल, हमीर सिंह, सतीश, कृष्णकांत व चालक मुकेश सोनी व पुलिसकर्मियों की भूमिका रही.
