उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को उज्जैन प्रवास पर रहे, जहां उन्होंने विकास, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सहभागिता कर जिले को नई सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा, नगरीय सुविधाओं और जनस्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आर.डी. गार्डी मेडिकल कॉलेज के रजत जयंती समारोह के अवसर पर नवनिर्मित नादब्रह्म कन्वेंशन सेंटर का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह केंद्र चिकित्सा शिक्षा, शोध और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने उज्जैन में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया तथा बस डिपो एवं इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग अधोसंरचना निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर नगरीय सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम बढ़ाया।
वहीं रविवार को ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिंतामण गणेश मंदिर स्थित विद्या भवन में जिले में श्रंखलाबद्ध निशुल्क हृदय रोग जांच शिविर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अनियमित दिनचर्या और खानपान के कारण हृदय रोग के मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद हृदयाघात की घटनाओं में वृद्धि हुई है, ऐसे में निशुल्क हृदय जांच शिविर जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी और अनुकरणीय पहल है।
