नयी दिल्ली 20 जनवरी (वार्ता) भारत और नामीबिया ने स्वास्थ्य, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे , कृषि, रक्षा तथा महत्वपूर्ण खनिजों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि भारत–नामीबिया विदेश कार्यालय परामर्श की सोमवार को यहां शुरू हुई पांचवीं बैठक आज संपन्न हो गया। परामर्श बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पूर्वी एवं दक्षिणी अफ्रीका) जनेश कैन तथा नामीबिया के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं व्यापार मंत्रालय में द्विपक्षीय संबंध एवं सहयोग विभाग के कार्यवाहक प्रमुख राजदूत चार्ल्स जोसोब ने की।
परामर्श बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत–नामीबिया संबंधों के समूचे परिदृश्य की व्यापक समीक्षा की, जिसमें व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य एवं औषधि, शिक्षा, क्षमता निर्माण, रक्षा, कृषि, अवसंरचना विकास, कांसुलर विषय, जन-जन संपर्क तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्र शामिल थे। दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई), कृषि, रक्षा तथा महत्वपूर्ण खनिजों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमति व्यक्त की। संयुक्त राष्ट्र सहित क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से परामर्श बैठक विंडहोक में सुविधाजनक तिथि पर आयोजित करने पर भी सहमति व्यक्त की।
