रीवा:समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को संबल प्रदान करना तथा जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजियारा भरना ही सच्ची समाजसेवा है.इसी भावना को साकार करते हुए रीवा का सिंधी समाज एक ऐसी अनुकरणीय पहल करने जा रहा है, जो सामाजिक सहयोग, सामूहिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं की उत्कृष्ट मिसाल बनेगी. समाज के आवासहीन जरूरतमंद परिवारों को अपना आशियाना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत ने जनसहयोग से प्रथम चरण में 36 फ्लैटों का निर्माण कर उन्हें पात्र हितग्राहियों को लागत से 50 प्रतिशत कम राशि पर आवंटित करने का निर्णय लिया है.
पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने उक्त विचार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर सिंधी समाज अपने आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल कर रहा है. इस पुनीत उद्देश्य की पूर्ति के लिए समाज के लोगों के आर्थिक सहयोग से 9,000 वर्गफुट भूमि क्रय की गई है. इसी भूमि पर प्रथम चरण में 36 फ्लैटों का निर्माण प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन का अवसर प्रदान करना पंचायत का प्रमुख संकल्प है. आर्थिक सहयोग देने वालों के लिये सम्मान समारोह हुआ.
140 समाजसेवियों का सम्मान
समारोह में समाज के प्रति समर्पण, सहयोग और सेवा भावना के लिए 140 समाजसेवी महिलाओं एवं पुरुषों का शाल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने की. मंच पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतूलाल आहूजा, कन्हैयालाल मंगलानी, दुलीचंद हंसपलानी, कोषाध्यक्ष नंदलाल कोटवानी, महासचिव शंकर सहानी तथा महिला मंडल की श्रीमती वैजयंती खेमचंदानी, श्रीमती कृष्णा मेघानी, श्रीमती सोनिया कोटवानी, श्रीमती हेमा ठारवानी एवं श्रीमती संगीता आसनानी उपस्थित रहीं. सभी मंचासीन पदाधिकारियों ने समाजहित में सहयोग देने वाले दानदाताओं एवं समाजसेवियों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की.
