
कटनी। सरकारी मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज खोलने की मांग को लेकर कटनी में छात्रों का ‘जन सत्याग्रह’ आंदोलन आज 25वें दिन भी जारी रहा. आंदोलनकारी छात्रों ने आज कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने जिला प्रशासन की प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर अपना विरोध दर्ज कराया.
छात्रों ने अर्थी पर फूलों की माला चढ़ाई और ‘जिला प्रशासन हाय-हाय’ और ‘कटनी को सरकारी कॉलेज दो’ जैसे नारे लगाए. उन्होंने कहा कि वे पिछले 25 दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
‘कटनी एक्शन कमेटी’ के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में छात्रों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण कटनी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ रहा है. उन्होंने पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर कॉलेज खोलने के प्रस्ताव का भी विरोध किया।
एक आंदोलनकारी छात्र ने बताया, “निजी कॉलेज आम और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए सुलभ नहीं होते हैं. सरकारी कॉलेज खुलने से क्षेत्र के युवाओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी. हम तब तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं.”
छात्रों के इस अनोखे प्रदर्शन ने शहर में काफी चर्चा बटोरी है. जिला प्रशासन ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
