माय वॉलेट ऐप से अब नागरिकों के सभी शासकीय दस्तावेज होंगे सुरक्षित और डिजिटल

छिंदवाड़ा। नगर निगम के सभाकक्ष में राजस्व शाखा एवं डिजिटल सेवाओं की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शासन के महत्वाकांक्षी डिजिटल प्लेटफॉर्म माय मोबाइल एप्लीकेशन वॉलेट ऐप को आम नागरिकों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक नागरिकों से इसे डाउनलोड कराने पर विशेष जोर दिया गया। सहायक आयुक्त ने राजस्व अमले को निर्देशित किया कि मैदानी स्तर पर जनसंपर्क के दौरान नागरिकों को इस ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए ताकि वे शासन की डिजिटल सुविधाओं का पूरा लाभ उठा सकें। माय वॉलेट शासन का एक अत्यंत सुरक्षित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से नागरिक जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, संपत्ति कर व जल कर रसीदें, भवन अनुज्ञा पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा पहचान संबंधी आवश्यक शासकीय दस्तावेज आसानी से एक ही स्थान पर सुरक्षित एक्सेस, स्टोर, सत्यापित और साझा कर सकते हैं। नागरिकों के सभी शासकीय दस्तावेज सदैव उनके साथ डिजिटल रूप में सुरक्षित रहें, इसी उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा इसे जन-जन तक पहुँचाने की पहल की जा रही है। बैठक के दूसरे महत्वपूर्ण चरण में शहर के राजस्व सुदृढ़ीकरण एवं कर संग्रहण की वार्डवार समीक्षा की गई। सहायक आयुक्त ने लक्ष्य से कम वसूली करने वाले वार्डों के सहायक राजस्व निरीक्षकों के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और आगामी सात दिवसों के भीतर शत-प्रतिशत वसूली बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही, बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर डिमांड नोटिस जारी करने के उपरांत उनकी संपत्तियों की कुर्की हेतु आवश्यक वैधानिक दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी समय में संयुक्त दल द्वारा कड़ाई से कार्रवाई की जा सके। इस दौरान राजस्व निरीक्षक साजिद खान, अमित सारवान, प्रीतम चौरिया,धर्मेंद्र माहोरे, ऋषभ स्थापक, मनोज पवार, शाखा प्रभारी पवन सोनी सहित कर संग्राहक एवं सहायक उपस्थित रहे।

Next Post

पेयजल संकट से निपटने महापौर के प्रयास तेज

Thu Oct 29 , 2026
छिंदवाड़ा। जिले में इस वर्ष कम वर्षा के चलते आगामी गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए नगर पालिक निगम ने वैकल्पिक जल स्रोतों की तलाश और पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। शहर के प्रमुख जल स्रोत कन्हरगांव डैम में पर्याप्त […]

You May Like