पेयजल संकट से निपटने महापौर के प्रयास तेज

छिंदवाड़ा। जिले में इस वर्ष कम वर्षा के चलते आगामी गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए नगर पालिक निगम ने वैकल्पिक जल स्रोतों की तलाश और पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। शहर के प्रमुख जल स्रोत कन्हरगांव डैम में पर्याप्त जलभराव नहीं होने के कारण निगम द्वारा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर विक्रम सिंह अहके ने ग्राम नारंगी स्थित डैम पहुंचकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उपलब्ध जल की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही आगामी गर्मी में शहरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नारंगी डैम से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी तय कर पानी को कुलबेहरा नदी तक पहुंचाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इस योजना की व्यवहारिकता और संभावनाओं का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जरूरत पडऩे पर वैकल्पिक जल स्रोतों का उपयोग किया जा सके।

50 नए बोरवेल से बढ़ेगी पेयजल उपलब्धता ००००

शहर में पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने और गर्मी के दिनों में संभावित जल संकट से निपटने के लिए नगरीय क्षेत्र में 50 नए बोरवेल लगाने हेतु टेंडर प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है। इन वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से नागरिकों को राहत पहुंचाने और पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने की योजना है।

महापौर विक्रम सिंह अहके ने कहा कि नागरिकों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े, यह नगर निगम की प्राथमिकता है। कम वर्षा और जल स्रोतों में कम जलभराव की स्थिति को देखते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के साथ ही वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एई विवेक चौहान एवं सब इंजीनियर रोहित सूर्यवंशी उपस्थित रहे।

Next Post

अवैध रेत परिवहन पर बड़वारा पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Thu Oct 29 , 2026
कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़वारा पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में महानदी के विभिन्न […]

You May Like