देश सेवा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता

शुजालपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय नंदराम सोनानिया की 13वीं पुण्यतिथि पर ग्राम अरनिया कला स्थित उनकी समाधि स्थल पर शुक्रवार को प्रतिभा सम्मान एवं समाजसेवी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार रहे, अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी ने की. समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा स्व. नंदराम सोनानिया की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए मंत्री परमार ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले सेनानियों का बलिदान देश की अमूल्य विरासत है. छोटे से गांव से निकलकर स्व. सोनानिया ने समाज और क्षेत्र के विकास के लिए जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढय़िों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि बाल्यकाल से ही उनका स्व. सोनानिया से संपर्क रहा है, जिससे उनके व्यक्तित्व और विचारों को निकट से समझने का अवसर मिला. अध्यक्षता कर रहे प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी ने कहा कि स्व. नंदराम सोनानिया अपनी बेबाक अभिव्यक्ति, निष्ठा और कर्मठता के लिए जाने जाते थे. गांधी युग के ऐसे व्यक्तित्व आज भी समाज को सत्य, साहस और सेवा का मार्ग दिखाते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को इतिहास और मूल्यों से जोडऩे का कार्य होता है. कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित ओमप्रकाश दुबे ने सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए. विशेष अतिथि के रूप में संत तिलक दास महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम में भगवत सिंह वर्मा, अजय पटेल, मिश्रीलाल चौधरी, आलोक श्रीवास्तव, ग्रीष्म शाह, किशोर चौधरी, डॉ. जामलिया, रजनीश चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि कमल चंद्रवंशी सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्व. सोनानिया को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर 17 प्रतिभावान स्कूली छात्र-छात्राओं सहित शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को शाल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में मालवा क्षेत्र के कवि हजारीलाल हवलदार, मांगीलाल सोनानिया, नरेंद्र जैन, ओमप्रकाश दुबे, डॉ. श्यामसुंदर परमार तथा कालापीपल थाना में पदस्थ उप निरीक्षक रवि भंडारी प्रमुख रूप से शामिल रहे. कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति की ओर से बालमुकुंद सोनानिया ने किया. संचालन कैलाश उपलावदिया तथा आभार रामचंद्र सोनानिया ने माना. समारोह के दौरान राष्ट्रीय गीत एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां भी दी गई.

Next Post

सेवानिवृत्त सैनिकों का भव्य स्वागत

Fri Feb 6 , 2026
मंदसौर।अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं शहर के समाजसेवियों ने भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर आए छह सैनिकों का भव्य स्वागत और सम्मान किया। यह कार्यक्रम शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। सबसे पहले सेवानिवृत्त सैनिक गोपाल गुर्जर (गांव गुर्जर बर्डिया) का 18 वर्ष […]

You May Like