सतना: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैहर जिले के कृषि प्रक्षेत्र गहबरा को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से जोड़कर किसानों को उन्नत तकनीकों का लाभ दिलाया जाएगा। गुरुवार को गहबरा में कृषक संवाद में उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि खाद की पर्याप्त और सस्ती व्यवस्था की जाएगी, जमाखोरी व ब्लैक मार्केटिंग पर सख्ती होगी।
उन्होंने बताया कि कृषि उपकरणों पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है, जिससे ट्रैक्टर, थ्रेसर और हार्वेस्टर सहित कई वस्तुएं सस्ती होंगी। दूध, पनीर, घी पर जीएसटी समाप्त होने से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। चौहान ने किसानों से स्वदेशी वस्तुएं अपनाने और आत्मनिर्भर भारत में योगदान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन से बहनों को लखपति बनाने का अभियान जारी है। कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह व विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कृषि महाविद्यालय, कृषक भवन व प्रयोगशाला की मांग भी रखी।
