
रीवा। सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति और सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कथित घोटालों को लेकर आरोप लगाए हैं. विधायक मिश्रा ने दावा किया कि क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने में सरकार और पीएचई विभाग पूरी तरह विफल रहा है. उन्होंने कहा कि कई गांवों और कस्बों में लोग आज भी दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे जलजनित बीमारियां तेजी से फैल रही हैं.
उन्होंने दावा किया कि निविदा प्रक्रिया में अनियमितताएं, गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग और फर्जी बिलों के जरिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया है. इसके अलावा कई पेयजल योजनाएं कागजों पर ही पूरी दिखाई गई हैं. जबकि जमीनी हकीकत में पाइप लाइनें सूखी पड़ी हैं. उन्होंने सरकार से मांग की कि पीएचई विभाग के कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. साथ ही पेयजल संकट को दूर करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं. इस मुद्दे पर जनता में भी आक्रोश बढ़ रहा है
