
ग्वालियर। पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर पत्नी की बेल्ट व डंडों से मारपीट कर दी। रोज-रोज की कलह व मारपीट से तंग आकर महिला पुलिस के पास पहुंची और आप-बीती बताई। पुलिस ने महिला की बात सुनने के बाद आरोपी पति व उसके भतीजे के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के सैनिक कॉलोनी पिंटो पार्क पर रहने वाली प्रिया भदौरिया का अपने पति धर्मेन्द्र भदौरिया से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता है। पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ तो उसमें इस बार धर्मेन्द्र के बड़े भाई का लड़का दिव्यांश भदौरिया भी शामिल हो गया। चाचा-भतीजे ने मिलकर बेल्ट से प्रिया की पिटाई कर दी। प्रिया उस समय तो खामोश रही, लेकिन बाद में जब फिर विवाद हुआ तो बीते रोज पुलिस के पास जाकर खड़ी हो गई। पुलिस ने धर्मेन्द्र भदौरिया व उसके भतीजे दिव्यांश भदौरिया के खिलाफ मामला कायम कर लिया है।
