झूलती बिजली लाइनों के खिलाफ जल सत्याग्रह, 25 गांवों के 500 से ज्यादा किसान हुए शामिल

भोपाल। सीहोर विद्युत मंडल के खिलाफ सीहोर, शाजापुर और भोपाल जिले के किसानों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। रविवार को सीहोर और शाजापुर जिले के किसानों ने पार्वती नदी में उतरकर जल सत्याग्रह किया और थाली बजाकर विरोध जताया। वहीं भोपाल जिले के टीलाखेड़ी सहित आसपास के गांवों के किसानों ने कुलासी नदी में उतरकर जल सत्याग्रह किया।

किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में झूलती और जर्जर विद्युत लाइनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। किसान नेता प्रहलाद हाड़ा के अनुसार, ग्राम भैंसा-नागिन में करीब पांच माह पहले खेत में काम कर रहे एक किसान की झूलती 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इसके अलावा ढाबला में किसान की मौत, बरबेली में किसान के गंभीर रूप से घायल होने और मोरिया में महिला किसान की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत का मामला सामने आया है। कुलास कला में करंट लगने से गाय की मौत होने की बात भी किसानों ने कही है।

किसान सीहोर विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री और श्यामपुर के सहायक यंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि हादसों के मामलों में लाइनमैन स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।

किसान एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में करीब 25 गांवों के 500 से अधिक किसान पिछले दो माह से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ऊर्जा मंत्री, प्रभारी मंत्री, राज्यपाल, विद्युत मंडल के एमडी ऋषि गर्ग, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए हैं।

किसानों की प्रमुख मांग है कि विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, बिजली बिलों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाए और हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि समय रहते मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Next Post

राष्ट्रसेवी स्व. अशोक सिंहल की सेवाएं याद रखी जाएंगी: डॉ. यादव

Sun Sep 27 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रसेवी, विश्व हिंदू परिषद के शीर्ष नेता और सामाजिक समरसता, एकात्‍मकता की भावना सशक्त बनाने वाले स्व. अशोक सिंहल की सेवाएं सदैव याद रखी जाएंगी। मध्यप्रदेश सरकार विश्व हिंदू परिषद को स्व. सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष के आयोजन और सामाजिक […]

You May Like