
मझौली । मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के निर्देशन एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता भारती के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, मझौली में सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।प्रशिक्षण विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने की पहल है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि आकाश अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मझौली ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कोई कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। कार्य को बड़ा बनाती है उसके प्रति हमारी निष्ठा, समर्पण और सकारात्मक सोच। उन्होंने विद्यार्थियों से सीखे जा रहे कौशल को पूरे मनोयोग से आत्मसात करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि चंद्रकांत सिंह बघेल, प्रबंधक, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, मझौली ने कहा कि सिलाई, कढ़ाई और डिजाइन जैसे कौशल विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर काम के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं।
प्रशिक्षण के जरिए विद्यार्थी अपने हुनर को आय के साधन और आगे चलकर स्वरोजगार का आधार बना सकते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता भारती ने पढ़ाई के साथ हुनर को आत्मनिर्भरता की आधारशिला बताया। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. संदीप कुमार शर्मा ने कहा कि प्रयास है कि विद्यार्थी केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि अपने कौशल के आधार पर रोजगार के अवसर पैदा करने की क्षमता विकसित करें। प्रशिक्षक सुयांका त्रिपाठी एवं उर्मिला सिंह ने प्रशिक्षण में सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम में प्रो. रागिनी तिवारी, मृदुल बंसल, कलकल गौर, राज किशोर तिवारी, डॉ. सुरेश तिवारी, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. सुषमा शुक्ला, डॉ. असलेंद्र जायसवाल, पंकज सिंघल, संदीप कुमार कोल, मनीष कुमार सोनी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप कुमार शर्मा ने किया। अंत में डॉ. भावना नागेंद्र ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
