सरई : सहारा इंडिया सहित विभिन्न चिटफंड कंपनियों में फंसी जमा पूंजी वापस कराने की मांग को लेकर सरई में चल रहा आंदोलन अब उग्र होता जा रहा है। गांधी चौक पर जारी क्रमिक अनिश्चितकालीन धरने के छठवें दिन शनिवार को पीड़ित जमाकर्ताओं ने बाजार बंद कराया और विरोध रैली निकालकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।
गांधी चौक से शुरू हुई रैली मुख्य बाजार और बस स्टैंड होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष जमाकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने ‘हमारा पैसा वापस दो’ और ‘CRCS पोर्टल की खामियां दूर करो’ जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन से शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
पीड़ितों का आरोप है कि CRCS-Sahara Refund Portal पर नाम में मामूली अंतर अथवा बैंक संबंधी विसंगतियों के कारण दावे निरस्त किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर भौतिक सत्यापन केंद्र खोलने तथा BUDS Act, 2019 के तहत चिटफंड कंपनियों की संपत्तियां कुर्क कर निवेशकों की राशि लौटाने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में ठोस पहल नहीं हुई तो सरई-बरगवां मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। संयोजक आत्माराम पाठक ने कहा कि राशि वापस मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में कोमल गुप्ता, सुनील कुमार जायसवाल, रामसिया जायसवाल, जगधारी सिंह टेकाम, गेंदलाल साकेत, सतीश जायसवाल, किशुनदास गुप्ता, हर्षलाल यादव, रोहित साहू, दीपचंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पीड़ित और व्यापारी मौजूद रहे।
