मुंबई 04 अप्रैल (वार्ता) दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने से आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 14 पैसे लुढ़ककर 85.44 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया।
वहीं, इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 85.30 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
कारोबार की शुरुआत में रुपया 25 पैसे की मजबूती के साथ 85.05 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान आयातकों एवं बैंकरों की बिकवाली की बदौलत 84.96 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि डॉलर लिवाली बढ़ने से यह 85.44 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक टूट गया। अंत में पिछले दिवस के 85.30 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में 14 पैसे लुढ़ककर 85.44 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया।
विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में जारी भारी गिरावट के कारण रुपया को मजबूत बनाया लेकिन डॉलर सूचकांक की मजबूती ने रुपये में और सुधार की संभावनाओं को सीमित कर दिया है। आज शाम को अमेरिका में गैर-कृषि पेरोल और बेरोजगारी के आंकड़े जारी होने वाले हैं, जिससे बाजारों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है। इन आंकड़ों के परिणाम के आधार पर रुपया तेजी से प्रतिक्रिया कर सकता है।
इसके अलावा, अमेरिकी टैरिफ में वृद्धि और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली के कारण बाजार की धारणा भी अनिश्चित बनी हुई है। विश्लेषकों के अनुसार, रुपया आगे 85.00-85.45 रुपये प्रति डॉलर के बीच अस्थिर दायरे में कारोबार कर सकता है। वैश्विक संकेत और फंड प्रवाह रुपये की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
