
सीधी। शनिवार को जिलेभर में रक्षाबंधन का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाई, वहीं भाइयों ने उपहार देकर स्नेह जताया। सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 5:47 से दोपहर 2:23 बजे तक रहने से दिनभर राखी बांधने का शुभ समय रहा। बाजारों में राखी, मिठाई और फलों की जोरदार बिक्री हुई, केले के दाम 40-50 से बढ़कर 60-80 रुपए दर्जन हो गए। बसों और ऑटो में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई, कई बसें ठसाठस भरकर रवाना हुईं। दूर बसे भाइयों को बहनों ने व्हाट्सऐप से राखी भेजी। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ और फलों की मांग में इजाफे से व्यापारी उत्साहित दिखे। त्यौहार से बाजार में करोड़ों की धनवर्षा हुई और व्यापारियों को आगामी त्यौहारों में भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
