
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत डॉ. भंडारी अस्पताल के पास स्थित राजुल डुप्लेक्स में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कमरे से दो लोगों की लाशें बरामद हुईं। मृतकों की पहचान ब्यूटी पार्लर संचालिका शक्ति कोहली और उनके बिजनेस पार्टनर दीपेश राठौर के रूप में हुई है। दोनों की मौत गोली लगने की वजह से हुई है। पुलिस मामले को मर्डर और सुसाइड से जोड़कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शक्ति कोहली पिछले लंबे समय से ब्यूटी पार्लर का संचालन कर रही थीं। हाल ही में उन्होंने मुस्कान प्लाजा स्थित एक डुप्लेक्स में नया पार्लर खोला था, जिसमें दीपेश राठौर उनका बिजनेस पार्टनर था। हालांकि, दीपेश की आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में पता चलने के बाद शक्ति ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दिया था। परिजनों की सलाह पर जब शक्ति ने पार्टनरशिप खत्म करने की बात कही, तो दीपेश भड़क गया। पार्टनरशिप टूटने से नाराज दीपेश लगातार शक्ति के साथ विवाद कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा था। दीपेश की हरकतों से परेशान होकर शक्ति ने घटना से ठीक दो दिन पहले थाने में उसके खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। दीपेश के खौफ और विवाद के कारण शक्ति पार्लर का सामान समेटकर किसी दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान गोरखपुर थाना क्षेत्र के राजुल डुप्लेक्स में दीपेश वहां पहुंच गया। दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ और कुछ ही देर बाद कमरे के भीतर दोनों के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद के बाद हत्या और आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
