ग्वालियर: सिद्ध क्षेत्र महा त्यागी बाबा आश्रम, त्यागी नगर (मुरार) में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही आश्रम में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
महंत घनश्याम दास महाराज का पूजन व आरती
महोत्सव के दौरान आश्रम के महंत घनश्याम दास बाबा महा त्यागी का भक्तों द्वारा विशेष पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने महंत घनश्याम दास महाराज की भव्य आरती उतारी, उन्हें पुष्पमालाएं पहनाईं और चरण वंदना कर गुरु दक्षिणा समर्पित की। पूज्य महाराज श्री ने उपस्थित सभी भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुख-समृद्धि और मंगल जीवन की कामना की।
आश्रम में रही विशेष सजावट और व्यवस्था
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सिद्ध क्षेत्र त्यागी बाबा आश्रम को आकर्षक रूप से सजाया गया था। पूरे परिसर को रंग-बिरंगे झंडों, स्वागत बैनरों और सुवासित फूल-मालाओं से भव्य रूप दिया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
देश भर से आए श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
इस पावन अवसर पर ग्वालियर एवं अंचल के साथ-साथ देशभर के कोने-कोने से बड़ी संख्या में भक्तजन त्यागी बाबा आश्रम पहुंचे। सुबह की आरती और पूजन के पश्चात आश्रम परिसर में विशाल भोजन भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सभी श्रद्धालुओं ने सविनय बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
