
छिंदवाड़ा. जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह आज छिंदवाड़ा पहुंचे इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट में योजना समिति की बैठक लेते हुए साफ तौर पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के इस मौसम में पानी की मांग बढ़ जाती है. जिले वासियों को पेयजल प्रदाय करने में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी. वहीं उन्होंने गेहूं उपार्जन, जल जीवन मिशन एवं अन्य बिंदुओं पर विभागों की गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए हैं कि नगरीय एवं ग्रामीण किसी भी क्षेत्र में पेयजल प्रदाय में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सभी सीएमओ नगरीय निकाय में जहां-जहां वर्तमान में पेयजल की समस्याएं है, नियमित जल का प्रदाय नहीं किया जा रहा है और जहां आगामी ग्रीष्मकाल में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, अभी से वैकल्पिक व्यवस्था बना लें. इस संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सुझाव भी दिए गए, जिनकी प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सराहना की और नगर निगम आयुक्त एवं सभी सीएमओ को उन सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे पेयजल की समस्या का स्थाई समाधान निकाला जा सके. उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ठेकेदारों की अकेले लापरवाही तय नहीं की जायेगी. यदि ठेकेदार अमृत 2 योजना एवं पाइप विस्तारीकरण संबंधी कार्य समय पर नहीं करते हैं, तो पेनाल्टी लगाने के साथ ही कार्यवाही भी करें.
