अशोकनगर: शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगरपालिका ने बड़ा कदम उठाया है। अब घर-घर से कचरा उठाने की प्रक्रिया को क्यूआर कोड से जोड़ा जाएगा। हर घर के आगे क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिससे कचरा संग्रहण की निगरानी सीधे नगरपालिका कर सकेगी। यह जानकारी नपाध्यक्ष नीरज मनोरिया ने शुक्रवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
श्री मनोरिया ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने कचरा उठाने के कार्य के लिए एक एजेंसी नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इससे नगरपालिका को हर साल एक करोड़ रुपये से अधिक की बचत होगी और शहर की सफाई व्यवस्था और नियमित बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद जल्द ही इसका टेंडर जारी किया जाएगा।
बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ का संकल्प भी लिया गया। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी। परिषद ने केंद्र सरकार की वन नेशन, वन इलेक्शन नीति के समर्थन में भी प्रस्ताव पारित किया, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराए जाने की योजना को समर्थन दिया गया।
सड़कों की होगी मरम्मत
प्रेसवार्ता में परिषद की पीआईसी बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी दी गई। मनोरिया ने बताया कि शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मरम्मत कार्य के तहत राजमाता चौराहा से अस्पताल चौराहा, अंडर ब्रिज से एचडीएफसी चौराहा सहित कई प्रमुख मार्गों का डामरीकरण किया जाएगा।
माधव भवन और अंबेडकर भवन का होगा जीर्णोद्धार
बैठक में शहर के दो महत्वपूर्ण भवनों माधव भवन और अंबेडकर भवन के जीर्णोद्धार पर भी सहमति बनी। माधव भवन का नवीनीकरण किया जाएगा, वहीं अंबेडकर भवन में बाउंड्रीवॉल, गेट निर्माण और रामलीला मंच के पूर्ण करने का कार्य कराया जाएगा।प्रेसवार्ता में पार्षद प्रमेन्द्र तायडे जॉर्ज, महेंद्र भारद्वाज और विपिन शिवहरे भी उपस्थित रहे।
