इंदौर:स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित ‘रन इंदौर–वन इंदौर : रन विथ मेयर’ मैराथन में रविवार सुबह शहर ने फिटनेस का शानदार माहौल देखा गया. तीन, पांच और सात किमी की श्रेणी में 20 हजार से ज्यादा लोगों ने दौड़ लगाई, वहीं दिव्यांग धावकों ने अपने जज्बे से कार्यक्रम का आकर्षण बढ़ा दिया. कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और स्वच्छता-स्वास्थ्य की शपथ के साथ हुई.
रविवार सुबह आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, वरिष्ठजनों और दिव्यांग धावकों ने हिस्सा लिया. वंदे मातरम के बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि शहर ने स्वच्छता की तर्ज पर फिटनेस में भी नई पहचान बनाई है. उन्होंने इसे सामूहिक चेतना और नागरिक भावना का अद्भुत उदाहरण बताते हुए इंदौर के प्रयासों की सराहना की. नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रतिभागियों के उत्साह को सलाम करते हुए कहा कि इंदौर हर क्षेत्र में अग्रणी बनकर देश-दुनिया में उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है.
उन्होंने कहा कि शहर की उपलब्धियां सरकार से ज्यादा जनता के सहयोग से संभव हुई हैं. जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर स्वच्छता में सिरमौर शहर है और लगातार नए नवाचारों से प्रेरित करता है. मैराथन में प्रतिभागियों का जोश यह साबित करता है कि शहर हर क्षेत्र में अद्वितीय है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि इस बार पश्चिमी क्षेत्र में आयोजित मैराथन में 20 हजार से ज्यादा पंजीयन हुए. बड़ी संख्या में नागरिकों ने दौड़ लगाकर इंदौर की फिटनेस और जागरूकता को नई रफ्तार दी. उन्होंने दिव्यांग धावकों के लिए विशेष आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल कार्यक्रम को और प्रेरणादायक बनाती है.
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही. कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद–विधायक, पद्मश्री सतेंद्र लोहिया, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक आयोजन का हिस्सा बने. ‘रन इंदौर–वन इंदौर’ ने एक बार फिर शहर की ऊर्जा और एकजुटता का संदेश दिया. आयोजन ने स्पष्ट किया कि इंदौर सिर्फ स्वच्छता ही नहीं, फिटनेस में भी नंबर वन बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है. हजारों धावकों की भागीदारी ने शहर के स्वास्थ्य अभियान को नई गति प्रदान की
