बैतूल के जिला अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से आग, भोजनशाला के पास स्टोर रूम धधका


बैतूल:प्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से अचानक लगी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। भोजनशाला के पास स्थित स्टोर रूम में आग भड़कने से घना धुआं कुछ ही मिनटों में वार्डों तक फैल गया। स्थिति गंभीर होती देख अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना प्रारंभ किया।
अस्पताल के वार्ड नंबर 1 और 4 के मरीजों को तत्काल ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया गया, जबकि ऊपरी मंजिल के कई वार्ड एहतियातन खाली कराए गए।

धुएं से परेशान मरीजों को ताजी हवा के लिए अस्पताल भवन के बाहर बेंचों पर लिटाया गया। बताया गया कि जिस स्टोर रूम में आग लगी थी, वहां केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिसके कारण धुआं तेजी से फैल गया। मरीजों ने बताया कि वे आराम कर रहे थे, तभी कमरों में धुआं भरने लगा और सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

आरएमओ रानू वर्मा ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना पर अपर कलेक्टर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को विद्युत वायरिंग, सुरक्षा उपकरणों और स्टोर रूम में रखी सामग्री की तत्काल जांच के निर्देश दिए।

प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने बताया कि स्टोर में रखी सामग्री जब्त कर ली गई है और केमिकल की प्रकृति की जांच करवाई जा रही है। अस्पताल में लगे फायर अलार्म सिस्टम की भी जांच की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और मरीजों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। हालांकि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और सभी मरीज सुरक्षित बताए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी वार्ड जल्द ही सामान्य रूप से संचालित होने लगेंगे

Next Post

हितानंद ने किया SIR गणना पत्र भरवाने का अभियान, पद्मश्री हरिचंदन भट्टी भी रहे शामिल

Sun Nov 23 , 2025
भोपाल:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के हर्षवर्धन नगर स्थित बूथ क्र. 187 पर पहुंचकर पद्मश्री हरिचंदन भट्टी सहित बूथ क्षेत्र के निवासियों के घर-घर जाकर एसआईआर का गणना पत्र भरवाया। इस दौरान जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, मंडल संयोजक, बीएलए तथा […]

You May Like