ट्विशा मौत मामला: CBI ने किया भोपाल से दिल्ली केस ट्रांसफर का समर्थन, SC में जवाब दाखिल

भोपाल। पूर्व अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग पर सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल किया है. एजेंसी ने आशंका जताई है कि आरोपी पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह का भोपाल में प्रभाव होने के कारण मुकदमे की कार्यवाही और गवाह प्रभावित हो सकते हैं. सीबीआई ने अपने जवाब में आरोपियों की पूर्व और वर्तमान स्थिति के साथ जांच के कुछ तथ्यों का भी उल्लेख किया है. ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की थी. उनका तर्क है कि भोपाल में कई न्यायिक, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आरोपियों के परिचित या पारिवारिक मित्र हैं. ऐसे में निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने की आशंका है. सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्टूबर को सीबीआई से इस याचिका पर जवाब मांगा था. ट्विशा के वकील अंकुर पांडे ने बताया कि सीबीआई की ओर से पुलिस अधीक्षक राजबीर सिंह ने गुरुवार को जवाब दाखिल किया. इसमें बताया गया कि गिरिबाला सिंह भोपाल जिला न्यायालय में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुकी हैं. घटना के समय वह भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष थीं. उनके बेटे समर्थ सिंह भोपाल में वकालत करते हैं. एजेंसी के अनुसार, इन परिस्थितियों में गवाहों और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित किए जाने की आशंका है. वकील पांडे के मुताबिक, सीबीआई ने काउंटर एफिडेविट भी सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया.

ब्यूटी पार्लर के सीसीटीवी फुटेज का भी जिक्र

सीबीआई ने जवाब में जांच के दौरान सामने आए एक तथ्य का भी उल्लेख किया है. एजेंसी के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने अपने लोगों को एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर भेजकर 12 मई को ट्विशा के वहां आने-जाने से संबंधित सीसीटीवी फुटेज हासिल किए थे. सीबीआई ने इस तथ्य को भी अपने पक्ष में प्रस्तुत किया है. बतादें, ट्विशा शर्मा की 12 मई 2026 की रात भोपाल स्थित ससुराल में मौत हुई थी. 25 मई 2026 को सीबीआई ने जांच अपने हाथ में ले ली। एजेंसी ने 17 अगस्त को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था.

Next Post

कुम्हारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक लाख की दो मोटरसाइकिल बरामद

Thu Oct 29 , 2026
कुम्हारी/दमोह। कुम्हारी थाना पुलिस ने शासकीय शराब दुकान के सामने से बजाज कंपनी की दो मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में सफलता हासिल करते हुए दोनों बाइक बरामद कर ली हैं। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब एक […]

You May Like