
इंदौर. लिंबोदी इलाके में 11 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में तेजाजी नगर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है. बच्ची की मां ने शिकायत में आरोप लगाया कि कपड़ों के कारोबार के सिलसिले में घर आने-जाने वाला कर्मचारी उनकी बेटी को परेशान कर रहा था. मामले में एक अन्य युवक की भूमिका की बात भी सामने आई है.
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले युवक को काम पर रखा था. दुकान के साथ घर से भी कपड़ों का कारोबार होने के कारण उसका वहां आना-जाना था. मां का आरोप है कि इसी दौरान वह बच्ची को देखकर अश्लील इशारे करने लगा और पसंद करने की बात कहने लगा. बच्ची ने इसका विरोध किया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं. बाद में बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद वे उसे लेकर थाने पहुंचीं. मां ने युवक से इस बारे में पूछताछ की तो उसने आरोपों से इनकार कर दिया. शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके मोबाइल में चैट और बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली, जिनमें बच्ची को लेकर अश्लील बातें थीं. मां के घर पर नहीं रहने के दौरान बच्ची से बातचीत का जिक्र भी मिलने की बात कही गई है. पुलिस इन दावों और मामले में बशीर नाम के युवक की भूमिका की जांच कर रही है. तेजाजी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया है. मामला दर्ज होने के बाद संबंधित परिवार घर पर ताला लगाकर चला गया. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
