भोपाल-इंदौर मेट्रो में 30 से टिकट वेंडिंग मशीन की सुविधा, 30 सेकंड में मिलेगा टिकट

भोपाल। भोपाल और इंदौर मेट्रो के यात्रियों को 30 अक्टूबर से टिकट खरीदने के लिए नई सुविधा मिलेगी। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) दोनों शहरों के संचालित मेट्रो कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) शुरू करने जा रहा है। यात्री इन मशीनों के जरिए महज 30 सेकंड में टिकट प्राप्त कर सकेंगे। दोनों शहरों के प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो मशीनें लगाई गई हैं।

मशीन से टिकट लेने के लिए यात्रियों को स्क्रीन पर ‘Buy QR Ticket’ विकल्प चुनकर अपना गंतव्य स्टेशन निर्धारित करना होगा। इसके बाद प्रदर्शित किराये का भुगतान UPI ऐप से QR कोड स्कैन करके किया जा सकेगा। भुगतान सफल होने पर मशीन से टिकट मिल जाएगा। दृष्टिबाधित दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए मशीन में ब्रेल लिपि का प्रावधान भी किया गया है।

अब यात्री मोबाइल ऐप, टिकट काउंटर और वेंडिंग मशीन के जरिए टिकट ले सकेंगे। डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था में UPI, QR कोड और ई-वॉलेट से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।

मेट्रो यात्रियों को 31 दिसंबर 2026 तक विशेष छूट भी मिलेगी। सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर कुल 35 प्रतिशत छूट दी जा रही है। ग्रुप टिकट के लिए न्यूनतम दो यात्री होना पर्याप्त है। इसके अलावा ई-वॉलेट रिचार्ज पर राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलेगा। हालांकि, 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत प्रमोशनल छूट लागू नहीं होगी।

Next Post

संपत्तिकर वसूली के निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे करें: अपर आयुक्त

Wed Oct 28 , 2026
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने संपत्ति कर विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत संपत्तिकर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त राव ने संपत्ति कर विभाग के चारों उपायुक्तों से अपने-अपने क्षेत्रों […]

You May Like