ब्राजील में देश छोड़ने पर रोक के बावजूद फ्लावियो बोल्सोनारो अमेरिका पहुंचे, परिवार को वीजा दे रहा ट्रंप प्रशासन

वाशिंगटन/ब्रासीलिया, 28 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका और ब्राजील के बीच जारी राजनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी सरकार ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद जायर बोल्सोनारो और उनके परिवार को वीजा दे रही है। एक्सियोस की एक रिपोर्ट में ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी गई।

कई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो अदालत के उस आदेश के बावजूद फ्लोरिडा पहुंच गए हैं, जिसके तहत उन्हें अपने पासपोर्ट जमा करने थे।

चुनाव के बाद ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को श्री फ्लावियो को पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया था और उनके देश छोड़ने पर रोक लगा दी थी। यह आदेश कथित धनशोधन की जांच से जुड़ा है। श्री फ्लावियो ने आरोपों से इनकार किया है।

ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने श्री बोल्सोनारो परिवार के सुरक्षित रूप से अमेरिका पहुंचने तक मामले पर आगे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन ने बार-बार श्री बोल्सोनारो परिवार का समर्थन किया है। ट्रंप ने पहले श्री जायर बोल्सोनारो के खिलाफ अभियोजन को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार दिया था।

श्री जायर बोल्सोनारो को पिछले साल ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने 2022 के चुनाव परिणामों को पलटने के लिए तख्तापलट की साजिश रचने के मामले में दोषी ठहराया था और 27 साल की जेल की सजा सुनाई थी। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण वह फिलहाल नजरबंद हैं।

ट्रंप प्रशासन ने मुकदमे की सुनवाई करने वाले सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश एलेक्जेंड्रे डी मोरेस के खिलाफ भी कार्रवाई की थी। उन पर वीजा प्रतिबंध और अन्य प्रतिबंध लगाए गए थे, जिन्हें बाद में हटा लिया गया।

वर्ष 2025 में ट्रंप प्रशासन की ओर से ब्राजील के आयात पर भारी शुल्क लगाए जाने के बाद वाशिंगटन और ब्रासीलिया के संबंध और खराब हो गए थे।

Next Post

छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

Wed Oct 28 , 2026
छिंदवाड़ा। अंबाड़ा चौकी क्षेत्र में 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट और पैसों का लालच देकर बहला-फुसलाया और एकांत में ले जाकर गलत नियत से छेड़छाड़ की। मामले में शिकायत मिलने के बाद […]

You May Like