
छिंदवाड़ा। नववर्ष के प्रथम दिवस पर नगर निगम द्वारा एक सामाजिक पहल की शुरुआत की गई। महापौर विक्रम अहके ने गौ रोटी बैंक का शुभारंभ कर शहरवासियों को गौ सेवा का एक नया माध्यम प्रदान किया है। कार्यक्रम के दौरान महापौर ने बताया कि नगर निगम का एक विशेष वाहन नियमित रूप से शहर की विभिन्न सड़कों और कॉलोनियों में भ्रमण करेगा। शहरी क्षेत्रों में विचरण कर रहे गौवंश को भोजन उपलब्ध कराना और प्राचीन परंपराओं को पुनर्जीवित करना है। महापौर ने बताया कि गौ रोटी बैंक वाहन नागरिकों द्वारा दान की गई रोटियों को एकत्रित करेगा, सड़कों पर खुले में विचरण कर रहे गौवंश को तत्काल रोटियां खिलाएगा , एकत्रित रोटियों को व्यवस्थित रूप से गोशालाओं तक पहुंचाएगा, आवश्यकता पडऩे पर निराश्रित गायों को सुरक्षित रूप से गोशालाओं में शिफ्ट करेगा.
संस्कृति और सेवा का संगम
इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके ने कहा, हमारी सनातन संस्कृति में भोजन की पहली रोटी गाय को देने की परंपरा रही है। व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग अक्सर ऐसा नहीं कर पाते। यह गौ रोटी बैंक हमारी उसी प्राचीन परंपरा को आधुनिक स्वरूप में साकार करने का एक प्रयास है। महापौर की अपील ने नगरवासी घरों में बची हुई रोटियों को फेंकने के बजाय इस वाहन को प्रदान करें। आपका एक छोटा सा सहयोग गौ माताओं के लिए नियमित भोजन सुनिश्चित कर सकता है।
