नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) देश के औद्योगिक उत्पादन में सितंबर में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है जबकि पिछले साल इसी महीने में वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत और इस साल अगस्त में 7.8 प्रतिशत थी।
केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय के बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार सितंबर में विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर 7.6 प्रतिशत, बिजली एवं गैस आपूर्ति की 11.2 प्रतिशत और जलापूर्ति, सीवरेज तथा अपशिष्ट प्रबंधन का 5.8 प्रतिशत रहा। वहीं, खनन क्षेत्र में 6.2 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी।
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में अप्रैल से सितंबर 2026 तक औद्योगिक उत्पादन सूचकांक 6.8 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले साल समान अवधि में यह 4.4 प्रतिशत बढ़ा था। इस दौरान विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर 7.5 फीसदी, बिजली एवं गैस आपूर्ति की 9.7 प्रतिशत और जलापूर्ति, सीवरेज एवं अपशिष्ट प्रबंधन की 6.3 प्रतिशत रही। खनन क्षेत्र में छमाही के दौरान 2.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।
सिंतबर में विनिर्माण क्षेत्र के 23 में से 17 उपवर्गों में उत्पादन बढ़ा है। बिजली के उपकरणों का उत्पादन 33.9 प्रतिशत, रबड़ एवं प्लास्टिक उत्पादों का 19.9 प्रतिशत और मोटर वाहनों तथा ट्रेलरों का उत्पादन 19 प्रतिशत सालाना बढ़ा है।
