विशेष संवाददाता भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं एसआईआर समिति के अध्यक्ष सज्जन सिंह वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत तैयार की गई मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने 22 फरवरी 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची को निरस्त करने तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-6 उपलब्ध नहीं होने के कारण छूटे पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने की मांग की।
कांग्रेस ने वर्ष 2003 के पुराने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने अथवा तार्किक विसंगतियों के कारण मतदाता सूची से बाहर किए गए लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर देने और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले उनके नाम जोड़ने की मांग भी उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि फॉर्म-7 के आवेदन दाखिल करने का अधिकार केवल संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को दिया जाए। कांग्रेस ने एक बार फिर चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग दोहराई।
इस दौरान वरिष्ठ नेता जेपी धनौपिया, ललित सैन, इरफान खान, आरिफा खान, अनोखी मानसिंह पटेल, प्रवीण सक्सेना और मनोज रजानी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा पर जोर दिया।
