छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

श्रीमती गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद कहा किछठ महापर्व लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और सरकार की जिम्मेदारी है कि व्रतियों तथा उनके परिवारों को पूजा के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रमुख तैयारियां पूजा से दो दिन पहले पूरी कर ली जायें और अधिकारी केवल कागजी रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय घाटों का मौके पर जाकर निरीक्षण करें। अधिकारियों ने बताया कि छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होगी।

बैठक में घाटों की तैयारियां छह नवंबर तक इस स्तर पर पूरी करने को कहा गया कि इसके बाद केवल पानी भरने, टेंट लगाने और अंतिम सफाई जैसे काम शेष रहें। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए पर्याप्त चेंजिंग रूम, शौचालय और बड़े घाटों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में संध्या अर्घ्य से पहले, शाम की पूजा के बाद तथा सुबह उषा अर्घ्य के बाद तत्काल सफाई करायी जाये। आगामी 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सफाई कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को 24 घंटे सक्रिय रखने, पर्याप्त बड़े डस्टबिन लगाने तथा कचरे का लगातार निस्तारण करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत, गड्ढों और मलबे को हटाने तथा धूल नियंत्रण के लिए पानी का नियमित छिड़काव करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी होनी चाहिए और किसी भी मार्ग पर अंधेरा या डार्क स्पॉट नहीं रहना चाहिए। बड़े और भीड़भाड़ वाले घाटों पर सीसीटीवी निगरानी के साथ दिल्ली पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रमुख घाटों के पास अग्निशमन वाहनों की तैनाती, पार्किंग, यातायात डायवर्जन और जरूरत के अनुसार सड़क बंद करने की जानकारी आयोजकों तथा श्रद्धालुओं तक पहले से पहुंचाने के भी निर्देश दिये गये।

उन्होंने मॉडल छठ घाटों पर स्वागत द्वार लगाने और बड़े घाटों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से छठ पूजा से संबंधित सामग्री तथा दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के वीडियो प्रदर्शित करने को कहा। इस वर्ष विदेशी राजदूतों और उच्चायुक्तों को भी छठ महापर्व में आमंत्रित करने की योजना है। इसके लिए भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के समन्वय से सूर घाट या किसी अन्य उपयुक्त घाट पर आयोजन की संभावना तलाशने के निर्देश दिये गये।

मुख्यमंत्री ने बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिये। उन्होंने रेल मंत्रालय के साथ समन्वय कर भीड़ प्रबंधन की योजना बनाने तथा अंतरराज्यीय बस अड्डों (आईएसबीटी) पर आवश्यक सूचना, बैनर और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। जरूरत पड़ने पर सिविल डिफेंस कर्मियों की सहायता लेने के भी निर्देश दिये गये।

 

 

Next Post

मथुरा-बरेली हाईवे पर पेट्रोल से भरा टैंकर पलटा, पेट्रोल भरने की मची होड़

Tue Oct 27 , 2026
मथुरा, 27 अक्टूबर (वार्ता) मथुरा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे महावन क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के पास पेट्रोल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर फैले पेट्रोल को भरकर ले जाने के लिए ग्रामीणों में होड़ मच गई। बड़ी संख्या में लोग बाल्टियों […]

You May Like