मथुरा-बरेली हाईवे पर पेट्रोल से भरा टैंकर पलटा, पेट्रोल भरने की मची होड़

मथुरा, 27 अक्टूबर (वार्ता) मथुरा-बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे महावन क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के पास पेट्रोल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर फैले पेट्रोल को भरकर ले जाने के लिए ग्रामीणों में होड़ मच गई। बड़ी संख्या में लोग बाल्टियों और प्लास्टिक के कैनों में पेट्रोल भरकर ले जाते दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि टैंकर के आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से चालक संतुलन खो बैठा और टैंकर पलट गया। टैंकर मथुरा स्थित आईओसीएल रिफाइनरी से पेट्रोल लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। हादसे के दौरान इगलास निवासी चालक राधेश्याम ने सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। उसे कोई चोट नहीं आई।

हादसे के बाद सड़क पर पेट्रोल फैलने से खतरा बढ़ गया, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पेट्रोल भरकर ले जाने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही रिफाइनरी की दमकल समेत संबंधित विभागों को सूचित किया गया। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां भेजी गईं। इसके अलावा एंबुलेंस और क्रेन की व्यवस्था कराई गई तथा महावन पुलिस को भी सूचना दी गई।

महावन थाना प्रभारी चेतराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीएनसी कंपनी के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। दमकल कर्मी आजाद कुमार और वासुकी यादव के साथ यातायात पुलिस के जवान भी मौके पर मौजूद रहे।

सीओ ने बताया कि टैंकर को सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे हटवा दिया गया है और हाईवे पर यातायात सुचारू करा दिया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

Next Post

बिरला ने चीन को सौंपी 13वें ब्रिक्स संसदीय मंच की अध्यक्षता

Tue Oct 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के समापन समारोह में संयुक्त घोषणा पत्र अंगीकार किए जाने के बाद चीन की नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के उपाध्यक्ष झेंग जियानबांग को 13वें ब्रिक्स संसदीय मंच की अध्यक्षता औपचारिक रूप से सौंप दी। श्री […]

You May Like