
इंदौर. गरबे के दौरान हुए विवाद में चाकूबाजी से घायल 16 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई. मामले में दो आरोपियों को राउंडअप किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.
घटना हीरानगर थाना क्षेत्र में 12 अक्टूबर के दिन बजरंग नगर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के पास हुई थी. गरबे के दौरान वाहन को कट मारने की बात पर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी. विवाद बढ़ने पर अविरल और कृष्णा ने प्रथमेश पंवार पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर हालत में परिजन उसे राजश्री अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे थे. उपचार के दौरान सक्रमण फैलने से उसकी हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई. प्रथमेश दसवीं कक्षा का छात्र था. उसके चाचा शरद पंवार भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं.
पुलिस ने सोमवार को प्रथमेश का पोस्टमॉर्टम कराया. मामले में डीसीपी अभिषेक रंजन ने बताया कि चाकूबाजी में घायल किशोर की मौत हुई है. मामले में दो आरोपियों को राउंडअप कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है. मुख्य आरोपी बालिग है और घटना के बाद से फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
